हाथरस में पार्किंग विवाद: RSS जिला प्रचारक पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार
Share your love

संवाद 24 हाथरस। रविवार दोपहर पार्किंग को लेकर हुए विवाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के जिला प्रचारक जय किशोर पर कुछ युवकों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला प्रचारक जय किशोर नवल नगर स्थित आरएसएस कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान वाहन खड़ा करने को लेकर कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि पांच युवकों ने मिलकर उन्हें जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में आरएसएस पदाधिकारी, हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता एवं भाजपा नेता जिला अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
पुलिस प्रशासन ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, भाजपा और आरएसएस पदाधिकारियों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल घायल जिला प्रचारक का उपचार आगरा में चल रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






