मेरा धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है वीडियो के बाद युवक की मौत, सड़क पर उतरे परिजन

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मृतक युवक द्वारा सुसाइड से पहले बनाए गए एक वीडियो के सामने आने के बाद जबरन धर्म परिवर्तन के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

रतनपुर निवासी रोहित सिंह (26) ने गुरुवार को कथित तौर पर फंदा लगाकर जान दे दी थी। प्रारंभ में परिजनों ने इसे मानसिक तनाव और अंधविश्वास से जुड़ा मामला बताया था, लेकिन अगले दिन सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने पूरी कहानी को नया मोड़ दे दिया।

वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
सामने आए वीडियो में रोहित यह कहते हुए दिखाई देता है कि “मेरा धर्म परिवर्तन किया जा रहा है, मैं अपने धर्म के रास्ते पर चलूंगा… पूरे देश में इस तरह का काम हो रहा है।” हालांकि वीडियो में उसने किसी व्यक्ति या संगठन का नाम नहीं लिया है, लेकिन जबरन धर्म परिवर्तन की बात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

लखनऊ यात्रा का जिक्र
मृतक की बहन निशा सिंह ने बताया कि रोहित 26 जनवरी को लखनऊ गया था। उन्नाव से लखनऊ के चारबाग स्टेशन के बीच उसका फोन बंद रहा। लखनऊ पहुंचने पर उसने रोते हुए बताया कि ट्रेन में चार लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन एक मजार पर ले जाया गया। परिजनों का दावा है कि उसी घटना के बाद से रोहित मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।

परिजनों का हंगामा, कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद गुस्साए परिजनों ने शव को घर के पास चौराहे पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि रोहित को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पुलिस का बयान
पनकी थाना प्रभारी मनोज भदौरिया ने बताया कि युवक का वीडियो सामने आया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News