पीएम मोदी को ओमान का प्रतिष्ठित ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ सम्मान, सुल्तान हैथम ने किया अलंकरण, भारत-ओमान के बीच अहम व्यापार समझौते पर मुहर

Share your love

संवाद 24 डेस्क ओमान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ओमान की ओर से देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ प्रदान किया गया है। मस्कट में आयोजित औपचारिक समारोह में ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक ने स्वयं पीएम मोदी को यह सम्मान सौंपा। इसे भारत-ओमान के मजबूत होते रणनीतिक और आर्थिक रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है।

सम्मान समारोह से पहले दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें भारत और ओमान ने एक अहम व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता दोनों देशों के आर्थिक सहयोग को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।

किन सेक्टर्स को होगा सीधा फायदा

नए व्यापार समझौते से भारत के कई प्रमुख उद्योगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इनमें टेक्सटाइल, फुटवियर, ऑटोमोबाइल, ऑटो कंपोनेंट्स, जेम्स एंड ज्वैलरी और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इस समझौते को लेकर बातचीत नवंबर 2023 में शुरू हुई थी, जो अब औपचारिक रूप से अमल में आ गई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत-ओमान के भविष्य के रिश्तों की नींव बताते हुए कहा कि व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता (CEPA) आने वाले दशकों तक दोनों देशों के सहयोग की दिशा तय करेगा।

बिजनेस समिट में निवेश का न्योता

मस्कट में आयोजित भारत-ओमान बिजनेस समिट को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के कारोबारी संबंधों की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने ओमान के निवेशकों और स्टार्टअप्स से भारत में निवेश करने, नई तकनीकों पर काम करने और संयुक्त परियोजनाओं के जरिए आगे बढ़ने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह साझेदारी केवल व्यापार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नवाचार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।

प्रवासी भारतीयों को दिया भरोसा

ओमान यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने वहां रह रहे भारतीय समुदाय से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि परिस्थितियां और वैश्विक हालात बदल सकते हैं, लेकिन भारत और ओमान की दोस्ती अटूट रहेगी। उन्होंने प्रवासी भारतीयों को दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आर्थिक सेतु बताया।

प्रधानमंत्री मोदी बुधवार शाम मस्कट पहुंचे थे, जहां ओमान के रक्षा मामलों के उप-प्रधानमंत्री सैयद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने उनका स्वागत किया। यात्रा के दौरान औपचारिक वार्ताओं के साथ-साथ सुल्तान की ओर से प्रधानमंत्री के सम्मान में रात्रिभोज भी आयोजित किया गया।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News