छत्तीसगढ़ में मालगाड़ी-पैसेंजर ट्रेन की भिड़ंत, 8 यात्रियों की दर्दनाक मौत; 25 से अधिक घायल
Share your love

संवाद 24 (डेस्क)।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा हुआ। गेवरा रोड-बिलासपुर रूट पर चल रही हशनगर नगर और कोरबा के बीच नेवरा रेलवे स्टेशन के पास चल रही मेमू पैसेंजर ट्रेन (68733) एक मालगाड़ी से टकरा गई। हादसे में कम से कम आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी की गार्ड केबिन पर पैसेंजर ट्रेन का इंजन चढ़ गया जिससे डिब्बों को गंभीर नुकसान पहुंचा। आवाज सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग पहुंच गए। रेलवे और जिला प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।
हादसे के बाद कुछ देर के लिए गेवरा रोड-बिलासपुर रेल खंड पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई। करीब तीन घंटे बाद स्थिति सामान्य होने पर आवागमन बहाल किया गया।
रेलवे विभाग ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सिग्नलिंग में तकनीकी गड़बड़ी की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा।
स्थानीय प्रशासन ने मृतकों और घायलों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। हादसे ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।






