लखनऊ में विहिप अवध प्रांत की योजना बैठक, 25 जिलों के पदाधिकारियों के साथ मंथन
Share your love

संवाद 24 लखनऊ। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) अवध प्रांत की प्रांतीय योजना बैठक का आयोजन लखनऊ में किया गया, जिसमें प्रांत के 25 जिलों से आए पदाधिकारियों ने भाग लिया। पिहानी रोड स्थित जे.के. ग्रैंड रिसॉर्ट में चल रही यह बैठक कई सत्रों में आयोजित की जा रही है, जो 4 जनवरी 2026 तक चलेगी।
बैठक का शुभारंभ अंतर्राष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह विशिष्ट अतिथि के तौर पर बैठक में शामिल हुए।
उद्घाटन सत्र में अवध प्रांत संगठन मंत्री विजय प्रताप और प्रांत मंत्री देवेंद्र ने प्रांत के 25 जिलों से आए पदाधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की और जिलावार संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट ली। बैठक की अध्यक्षता प्रांत उपाध्यक्ष राम गोपाल ने की, जबकि महंत नारायण दास, धोबिया आश्रम ने आशीर्वचन प्रदान किए।
इस योजना बैठक में अवध प्रांत की कार्यकारिणी के सदस्य, प्रांत के सभी 8 विभागों तथा 25 जिलों के पदाधिकारी मौजूद हैं। बैठक की समुचित व्यवस्था की जिम्मेदारी हरदोई जिले के पदाधिकारियों द्वारा संभाली जा रही है। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और कार्ययोजनाओं को लेकर गहन विचार-विमर्श किया जा रहा है।






