महिला सिपाही से पर्स लूटने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस की एक महिला सिपाही से दिनदहाड़े पर्स लूटने की सनसनीखेज वारदात को पुलिस ने सफलतापूर्वक सुलझा लिया है। सीसामऊ थाना क्षेत्र के गांधीनगर इलाके में हुई इस लूट की घटना में मुख्य आरोपी मारूफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दूसरे साथी की तलाश जारी है।
घटना रविवार सुबह की है, जब महिला थाने में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में तैनात सिपाही पिंकी पाल रात्रि ड्यूटी समाप्त कर अपने घर चमनगंज लौट रही थीं। गांधीनगर क्षेत्र में पंचम पनीर वाले के पास पहुंचते ही बाइक सवार दो बदमाशों ने अचानक उनके हाथ से पर्स छीन लिया और फरार हो गए। पर्स में करीब 10 हजार रुपये नकद, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। वारदात सुबह करीब 6:45 से 6:55 बजे के बीच हुई।
पीड़ित सिपाही ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और सीसामऊ थाने में दो अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट की एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू की। कड़ी मेहनत के बाद गुरुवार को बजरिया थाना क्षेत्र के कंघी मोहाल निवासी शातिर बदमाश मारूफ को दबोच लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मारूफ क्षेत्र में पहले भी छोटे-मोटे अपराधों में शामिल रहा है। पूछताछ में उसने वारदात कबूल कर ली है। फिलहाल, उसके दूसरे साथी की गिरफ्तारी के लिए टीमों ने छापेमारी तेज कर दी है। जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।






