आईआईटी कानपुर में छात्र की आत्महत्या से शोक की लहर, परिसर में पसरा सन्नाटा

संवाद 24 संवाददाता। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे शैक्षणिक परिसर को झकझोर कर रख दिया। बायोलॉजिकल इंजीनियरिंग विभाग के फाइनल ईयर के छात्र जयसिंह मीणा ने हॉस्टल के अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही संस्थान प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची।

जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय जयसिंह मीणा राजस्थान के अजमेर जिले के निवासी थे और आईआईटी कानपुर के हॉस्टल नंबर दो के कमरा नंबर 148 में रह रहे थे। सोमवार को जब काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आए तो साथियों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर उनका शव पंखे से लटका मिला, जिसके बाद तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। छात्र के स्वजन को सूचना दे दी गई है, जो मंगलवार को कानपुर पहुंचेंगे। स्वजनों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News