स्वशासी मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों को मिली बड़ी राहत, नवंबर से लागू हुई नई पेंशन स्कीम

संवाद 24 संवाददाता। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, अकबरपुर के सभी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी आ ही गई। मेडिकल कॉलेज प्रशासन को राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (National Pension System – NPS) लागू करने की औपचारिक मंजूरी मिल गई है। नवंबर 2025 के वेतन से ही कर्मचारियों के वेतन में NPS के अनुसार कटौती शुरू हो गई है और साथ ही उन्हें इस योजना का पूरा लाभ भी मिलना शुरू हो गया है।

यह सुविधा राज्य के चुनिंदा स्वशासी मेडिकल कॉलेजों में ही उपलब्ध है। अभी तक मेडिकल कॉलेज होने के बावजूद यहां कार्यरत शिक्षक, चिकित्सक और अन्य कर्मचारी पुरानी पेंशन व्यवस्था से वंचित थे, जिससे रिटायरमेंट के बाद उनकी आर्थिक सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी। अब NPS लागू होने से सभी को स्थायी सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सज्जन लाल वर्मा ने बताया, “हम लगातार इस दिशा में प्रयासरत थे। कई स्तरों पर पत्राचार और फॉलो-अप किया गया। आखिरकार हमें सफलता मिली। यह हमारे सभी कर्मचारियों, खासकर शिक्षकों और चिकित्सकों के लिए बहुत बड़ी राहत है। भविष्य में उन्हें अच्छी पेंशन और निवेश से जुड़े लाभ मिलेंगे।”

इस पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने में नोडल अधिकारी डॉ. तान्या मिश्रा का विशेष योगदान रहा। सहायक प्रोफेसर एवं मीडिया प्रभारी डॉ. आराधना यादव ने बताया कि समिति के अन्य सदस्यों डॉ. पल्लवी आनंद, डॉ. संजीव रोहतावी, डॉ. नासिर महमूद, डॉ. कुलदीप सिंह और डॉ. मोहित ने भी प्रशासनिक, तकनीकी और औपचारिक सभी कार्यों को तेजी से पूरे किए, जिससे यह उपलब्धि संभव हो सकी।

कर्मचारियों में इस फैसले को लेकर खुशी का माहौल है। एक वरिष्ठ चिकित्सक ने कहा, “अब रिटायरमेंट के बाद की चिंता काफी हद तक कम हो गई है। यह हमारे लिए एक बड़ा तोहफा है।” स्वशासी मेडिकल कॉलेज, अकबरपुर अब उन गिने-चुने सरकारी मेडिकल कॉलेजों की सूची में शामिल हो गया है जहां NPS का लाभ कर्मचारियों को मिल रहा है। यह कदम न केवल कर्मचारियों के हित में है बल्कि संस्थान की कार्य संस्कृति को और मजबूत करेगा।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News