करोड़ों की साइबर ठगी, हर्बल प्लांट से लेकर ट्रेडिंग तक पांच बड़े केस दर्ज
Share your love

संवाद 24, संवाददाता। कानपुर के चकेरी इलाके में साइबर अपराधियों ने पाँच अलग-अलग मामलों में लोगों को 1.05 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। सभी केस दर्ज कर पुलिस और साइबर सेल आरोपियों की तलाश में जुट गई है। हर मामले में ठगों ने अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों को जाल में फंसाया।
केस 1: हर्बल प्लांट का झांसा, 5.50 लाख उड़ाए
सनिगवां गायत्री नगर के अजय शुक्ला को व्हाट्सएप पर हर्बल प्लांट खरीदने का मैसेज आया। ठगों ने भरोसा जीतकर 2 जून 2025 को 5.50 लाख रुपये अपने खाते में डलवा लिए।
केस 2: रिटर्न पॉलिसी के नाम पर 12.21 लाख की ठगी
रामादेवी नीलकंठ मार्केट के योगेंद्र नाथ तिवारी को कई नंबरों से कॉल आए। खुद को कंपनी कर्मचारी बताकर ठगों ने ब्याज सहित पैसा वापस भेजने का झांसा दिया। 24 दिसंबर 2024 से 30 फरवरी 2025 के बीच उनके खाते से 12.21 लाख रुपये निकलवा लिए।
केस 3: गूगल मैप रेटिंग कर पैसे कमाने का लालच, 5.02 लाख गायब
अहिरवां संजीव नगर निवासी आशुतोष पटेल को गूगल मैप में रेटिंग देकर कमाई होने की बात बताई गई। कई ट्रांजैक्शन में कुल 5.02 लाख रुपये जमा करवा लिए गए।
केस 4: ट्रेडिंग में इन्वेस्ट कर मुनाफा दिलाने का वादा, 51.53 लाख ठगे
श्याम नगर के सुधीर कुमार शुक्ला (60) से ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर बार-बार पैसे मांगे गए। कुल 51.53 लाख रुपये अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर जमा करवाए। न मुनाफा मिला न पैसा वापस ठग मोबाइल बंद कर फरार।
केस 5: 30.50 लाख का निवेश, खाते में दिखाए 1.30 करोड़… और फिर गायब
हरजिंदर नगर के आनंद कुमार अग्रवाल को फोन कर ट्रेडिंग में कमाई का लालच दिया गया।
ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़कर 30.50 लाख रुपये डलवा लिए।
फिर उनके खाते में 1.30 करोड़ दिखाए गए, लेकिन पैसा निकालने पर 32 लाख और जमा कराने को कहा गया।
शक होते ही उन्होंने साइबर सेल से शिकायत कर दी।
साइबर सेल जांच में जुटी, पुलिस सक्रिय
चकेरी पुलिस ने सभी मामलों में FIR दर्ज कर ली है।
साइबर सेल ठगों के खातों, कॉल डिटेल और डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही है।






