कानपुर को जल्द मिलेगा जाम से मुक्ति! जरीब चौकी पर 360 करोड़ का भव्य चार लेन पुल बनने की राह हुई साफ

संवाद 24 संवाददाता। शहर के सबसे व्यस्त और जाम ग्रस्त जरीब चौकी क्रॉसिंग की तस्वीर जल्द ही बदलने वाली है। रोज़ाना एक लाख से ज्यादा वाहनों की आवाजाही वाले इस चौराहे पर 360 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 1769 मीटर लंबा, चार लेन वाला आधुनिक पुल अब तेज़ी से हकीकत के करीब पहुँच गया है।

अच्छी खबर ये है कि पुल निर्माण से पहले सबसे बड़ी बाधा यानी यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम शुरू होने वाला है। सेतु निगम ने इसके लिए संबंधित सभी विभागों (जल निगम, बिजली निगम, स्मार्ट सिटी, CUGL, वन विभाग आदि) को कुल 48 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। पहले चरण में जल निगम अपनी पाइपलाइन शिफ्ट करेगा, जिसके बाद बाकी विभाग अपना काम पूरा करेंगे।

सेतु निगम के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर विजय कुमार सेन ने बताया,“उम्मीद है कि एक महीने में पूरी यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम पूरा हो जाएगा। इसके तुरंत बाद पुल का मुख्य निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।”

पुल की खासियतें एक नजर में: लंबाई : 1,769 मीटर, चौड़ाई : चार लेन, कुल लागत : ₹360 करोड़, कार्यदायी संस्था : हिलवेज कंस्ट्रक्शन कंपनी। हालाँकि यूटिलिटी शिफ्टिंग के दौरान करीब एक महीने तक चौराहे पर यातायात पूरी तरह या आंशिक रूप से बंद रह सकता है, लेकिन यातायात पुलिस पहले से ही वैकल्पिक रूट तैयार कर रही है।

डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार को मौके पर निरीक्षण कर डायवर्जन प्लान फाइनल किया जाएगा, ताकि आम जनता को कम से कम परेशानी हो।

लंबे समय से जाम की मार झेल रहे कानपुरवासियों के लिए ये पुल किसी संजीवनी से कम नहीं होगा। एक बार बन जाने के बाद जरीब चौकी का वो भयानक जाम इतिहास बन जाएगा और शहर की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलेगी।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News