घर के बाहर खेलते-खेलते लापता हुआ दो साल का शिव, पड़ोसन पर गंभीर आरोप
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र स्थित रतनपुर कॉलोनी में शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब मजदूरी करके घर लौटे शैलेंद्र सिंह को अपना ढाई साल का मासूम बेटा शिव कहीं नहीं मिला। घर के बाहर खेल रहा बच्चा अचानक गायब हो गया और उसकी दूध की बोतल भी घर से गायब थी।
शैलेंद्र सिंह और उनकी पत्नी रेखा दिहाड़ी मजदूरी करके जैसे-तैसे परिवार चलाते हैं। शनिवार शाम करीब 6 बजे जब शैलेंद्र काम से थके-हारे घर पहुंचे तो पत्नी रेखा चारपाई पर बेहोशी की हालत में लेटी थीं। पूछने पर रेखा ने बताया कि उन्हें अचानक चक्कर आ गया था और पड़ोस में रहने वाली एक महिला (जिसका नाम पुलिस अभी गोपनीय रख रही है) घर आई थी। उस महिला ने शिव को गोद में लिया, दूध पिलाया और फिर चली गई।
जब शैलेंद्र ने पड़ोसन से बच्चे के बारे में पूछा तो उसने साफ इनकार कर दिया कि उसने बच्चा देखा भी है या नहीं। संदेह होने पर शैलेंद्र ने तुरंत पनकी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ोसन को हिरासत में ले लिया और कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। पनकी थाना प्रभारी मनोज भदौरिया ने बताया, महिला से गहन पूछताछ की जा रही है।
कॉलोनी और आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बच्चे की तलाश में टीमें अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही मासूम को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।परिजन दहशत में हैं। मां रेखा की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। पिता शैलेंद्र बार-बार यही दोहरा रहे हैं, मेरा बच्चा कहां चला गया बस एक बार उसे देख लूं। घटना ने पूरे इलाके में दहशत पैदा कर दी है। पुलिस हर संभव कोशिश कर रही है कि ढाई साल का शिव जल्द से जल्द अपने मां-बाप की गोद में वापस लौट आए।






