ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ी छलांग कानपुर में ₹200 करोड़ से बनेगा सोलर पार्क, 35 मेगावाट होगी उत्पादन क्षमता

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। ऊर्जा के क्षेत्र में कानपुर एक और बड़ी उपलब्धि की ओर बढ़ रहा है। वैकल्पिक और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से घाटमपुर तहसील के काटर गांव में वृहद सोलर पावर पार्क की स्थापना की जा रही है। 65 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बनने वाले इस सोलर पार्क पर करीब ₹200 करोड़ की लागत आएगी और इसकी उत्पादन क्षमता 35 मेगावाट होगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (नेडा) की देखरेख में किया जाएगा। सोलर पार्क के निर्माण की जिम्मेदारी नोएडा की वेदू इंफ्रा कंपनी को सौंपी गई है। कंपनी द्वारा पंद्रह दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

24 माह में होगा तैयार, सीधे पावरग्रिड से जुड़ेगी बिजली
गुरुवार को नेडा के परियोजना अधिकारी राकेश पांडेय ने अपनी टीम के साथ सोलर पार्क स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि परियोजना को 24 माह की अवधि में पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है। प्लांट पूरी तरह चालू होने के बाद यह प्रति घंटा 35 मेगावाट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन करेगा, जिसकी आपूर्ति सीधे पावरग्रिड को की जाएगी।
परियोजना अधिकारी के अनुसार, इस सोलर पार्क की स्थापना से क्षेत्र में न केवल हरित ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भविष्य में अन्य सोलर परियोजनाओं के लिए भी रास्ता खुलेगा।

ऊर्जा उत्पादन में पहले से ही मजबूत है कानपुर
कानपुर क्षेत्र पहले से ही ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में मजबूत स्थिति में है। पनकी, घाटमपुर और बिल्हौर में स्थापित पावर प्लांट से कुल 2640 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। जबकि शहर की मौजूदा जरूरत करीब 700 मेगावाट ही है। इन परियोजनाओं के चलते न केवल कानपुर, बल्कि प्रदेश और अन्य राज्यों को भी बिजली आपूर्ति में राहत मिल रही है।

रोजगार और विकास को मिलेगा बढ़ावा
सोलर पार्क के निर्माण और संचालन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही यह परियोजना कानपुर को हरित ऊर्जा हब के रूप में पहचान दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News