प्रेम विवाह के तीन माह बाद संदिग्ध हालात में महिला की मौत, पति फरार

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र स्थित शताब्दीनगर से एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रेम विवाह के महज तीन माह बाद 27 वर्षीय दीपिका सैनी मृत अवस्था में अपने घर के बेड पर पाई गई, जबकि पति घटना के बाद से फरार है। मामले में हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है। शताब्दीनगर स्थित रामगंगा इनक्लेव की तीसरी मंजिल पर किराये के मकान में दीपिका अपने पति शोएब खान उर्फ सौरभ के साथ रह रही थी। दोनों ने अक्तूबर 2025 में प्रेम विवाह किया था। शोएब अहमदाबाद में ट्रक चालक है और रविवार को ही घर आया था।

कहासुनी के बाद दो घंटे तक रही शांति
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के अनुसार पड़ोसियों ने बताया कि सोमवार दोपहर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद करीब दो घंटे तक घर में शांति रही। कुछ देर बाद शोएब के दरवाजे पर जोर-जोर से धक्का देने की आवाजें सुनाई दीं, जिससे पड़ोसी बाहर निकल आए। घर के भीतर दीपिका बेड पर बेसुध अवस्था में पड़ी मिली। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना दीपिका की मां चित्रा, जो बर्रा आठ में रहती हैं, को दी। वह अन्य रिश्तेदारों के साथ मौके पर पहुंचीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना देने की बात सामने आते ही शोएब वहां से फरार हो गया।

गर्दन पर मिले रस्सी के निशान
पनकी थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दीपिका की गर्दन पर रस्सी से कसे जाने के निशान मिले हैं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया गया कि दोनों की यह दूसरी शादी थी। दीपिका के पहले पति से दो बच्चे—रुद्र (4 वर्ष) और अनिरुद हैं। घटना के समय चार वर्षीय रुद्र घर के अंदर ही मौजूद था, जिससे पुलिस ने भी जानकारी ली है।

आत्महत्या की संभावना से भी इनकार नहीं
डीसीपी पश्चिम के अनुसार कुछ पड़ोसियों का कहना है कि दीपिका दूसरे कमरे में फंदे पर लटकी हुई थी, जिसे शोएब ने दरवाजा तोड़कर नीचे उतारा और बेड पर लिटाया। इसी आधार पर आत्महत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
दीपिका की मां ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मां की ओर से दी जाने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पति की तलाश में तीन टीमें गठित
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फरार पति शोएब की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। साथ ही पश्चिम जोन की सर्विलांस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। ऑपरेशन त्रिनेत्र और ऑपरेशन हर घर के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News