ख्यौरा बनियापुरवा में केडीए का बड़ा एक्शन, 11 बीघा जमीन पर बनी अवैध प्लाटिंग और पक्के निर्माण ध्वस्त

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर में अवैध प्लाटिंग और बिना नक्शे के निर्माण के खिलाफ कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान छेड़ दिया है। इसी क्रम में शनिवार को कटरी ख्यौरा बनियापुरवा में केडीए की जोन-1 बी की टीम ने करीब 11 बीघा जमीन पर बनी अवैध प्लाटिंग और पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। पिछले आठ दिनों से केडीए की टीमें न्यू कानपुर सिटी और बिठूर रोड क्षेत्र में बिना लेआउट स्वीकृति के की जा रही अवैध प्लाटिंग पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं। इसके साथ ही बिना नक्शा पास कराए हो रहे निर्माणों को भी चिह्नित कर नोटिस, सील और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

तीन बैकहो लोडर से चला ध्वस्तीकरण अभियान
जोन-1 बी के प्रवर्तन प्रभारी एवं विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में केडीए दस्ते ने संजय, तुलसीराम व अन्य लोगों द्वारा आराजी संख्या 1068, 1069, 1070 सहित अन्य भूखंडों पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह गिरा दिया। कार्रवाई के दौरान तीन बैकहो लोडर लगाए गए।

इस दौरान निर्मित, अर्धनिर्मित और निर्माणाधीन भवनों के साथ-साथ सड़क, नाला, बाउंड्रीवाल, बिजली के खंभे, पिलर और एंट्री गेट तक को ध्वस्त कर दिया गया। केडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित प्लाटिंग बिना किसी स्वीकृत लेआउट के की जा रही थी।

अन्य क्षेत्रों में भी अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई
केडीए की टीम ने इसके अलावा
प्रतापपुर हरी में किशोर प्रधान व अन्य द्वारा 3500 वर्गमीटर,
संडीला में रोहित यादव, जितेंद्र पाल, हरिओम पांडेय, बृजेश कुमार व दिनेश कुमार द्वारा 2500 वर्गमीटर,
तथा गंगा बैराज से मंधना मार्ग पर एक होटल के पास 1000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना नक्शे की जा रही प्लाटिंग को रुकवा दिया।
इन सभी मामलों में संबंधित लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। केडीए ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

16 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग चिह्नित
नवाबगंज, कल्याणपुर और बिठूर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों में लगभग 16 बीघा जमीन पर हो रही अवैध प्लाटिंग को भी केडीए ने चिह्नित कर लिया है। इन मामलों में भी शीघ्र नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं जोन-2 के प्रवर्तन प्रभारी संदीप मोदनवाल ने भी अपने क्षेत्र में अवैध निर्माणों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को उनके जोन में तीन अवैध निर्माण सील किए गए। इसके साथ ही जोन-1 ए में भी अवैध निर्माणों की पहचान की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

लापरवाही पर अफसरों और सुपरवाइजरों पर होगी कार्रवाई
केडीए को यह भी जानकारी मिली है कि कुछ स्थानों पर पुराने और नए सुपरवाइजरों की मिलीभगत से अवैध निर्माण कराए जा रहे हैं। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल ने निर्देश दिए हैं कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और सुपरवाइजरों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

केडीए ने आम जनता से अपील की है कि प्लाट या मकान खरीदने से पहले लेआउट और नक्शे की स्वीकृति अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News