अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत से आक्रोश ग्रामीणों ने शव रखकर लगाया जाम
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना रेउना थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुगलरोड पर शाखा जनवारा गांव के पास हुई, जहां एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ललकी पुरवा निवासी नरेश (32) के रूप में हुई है। बताया गया कि नरेश बाइक से दूध लेकर मूसानगर गया था। दूध देने के बाद वह घर लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाखा जनवारा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद नरेश सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मुआवजे की मांग को लेकर दो घंटे तक जाम
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण सीएचसी पहुंचे। युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को वहां से उठाकर गांव के सामने मुगलरोड पर रख दिया और दस लाख रुपये मुआवजे की मांग करते हुए सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर एसीपी कृष्णकांत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। इस दौरान एसडीएम अविचल प्रताप सिंह से भी फोन पर बात कराई गई। अधिकारियों द्वारा कार्रवाई और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिए जाने के बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका।
फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।






