तेज रफ्तार का कहर एल्गिन मिल के पास कार की टक्कर से बाइक मिस्त्री की मौत
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। शहर में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। ग्वालटोली थाना क्षेत्र में एल्गिन मिल के पास बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार मिस्त्री को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि मिस्त्री उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नवाबगंज के पुराना कानपुर निवासी 32 वर्षीय फैजल के रूप में हुई है, जो पेशे से बाइक मिस्त्री था। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात फैजल के मोबाइल पर एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने बताया कि उसकी बाइक स्टार्ट नहीं हो रही है और मौके पर आकर ठीक कर देने को कहा। रोजमर्रा के काम की तरह फैजल अपनी बाइक लेकर घर से निकल पड़ा।
एल्गिन मिल के पास हुआ दर्दनाक हादसा
फैजल ग्वालटोली इलाके में एल्गिन मिल के पास ग्राहक की बाइक ठीक करने के लिए रुका ही था कि तभी तेज रफ्तार से आ रही ब्रेजा कार ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी ज्यादा थी। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर आगे जाकर डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कार सवार को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। वहीं, गंभीर रूप से घायल फैजल को लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के बड़े भाई फहीम ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी रात करीब डेढ़ बजे मिली। जब वह मौके पर पहुंचे तो कार खड़ी मिली और चालक को लोग पकड़कर पुलिस के हवाले कर चुके थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने फैजल को मृत घोषित कर दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
थाना प्रभारी संतोष गौड़ ने बताया कि मृतक के बड़े भाई की तहरीर के आधार पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और चालक से पूछताछ की जा रही है।
तेज रफ्तार पर फिर उठा सवाल
यह हादसा एक बार फिर शहर की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े करता है। देर रात सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ती गाड़ियां आम लोगों की जान के लिए खतरा बनती जा रही हैं। फैजल की मौत ने एक परिवार का सहारा छीन लिया और शहर को एक और दर्दनाक याद दे दी।






