BJP प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का कानपुर दौरा रद्द, बूथों पर उतरेंगे भाजपा कार्यकर्ता
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। भारतीय जनता पार्टी के नवागत प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का 16 जनवरी को प्रस्तावित कानपुर दौरा अचानक रद्द कर दिया गया है। उनके आगमन को लेकर पिछले तीन दिनों से पार्टी संगठन स्तर पर तैयारियां चल रही थीं और बैठकों का विस्तृत कार्यक्रम भी तय किया गया था, लेकिन अंतिम समय में कार्यक्रम को आगे के लिए स्थगित कर दिया गया।
पार्टी ने दौरा रद्द करने के पीछे एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान में सहयोग को प्राथमिक कारण बताया है। भाजपा प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग के लिए पार्टी ने विशेष तीन दिवसीय अभियान शुरू किया है, जिसके चलते यह दौरा स्थगित किया गया है।
3620 बूथों पर सक्रिय रहेंगे कार्यकर्ता
प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने बताया कि 16 से 18 जनवरी तक कानपुर जिले के सभी 3620 बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की टीमें सक्रिय रहेंगी। जिले में कुल 1413 मतदान केंद्र हैं, जहां प्रत्येक बूथ पर भाजपा कार्यकर्ता निर्वाचन आयोग द्वारा तैनात बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के साथ मिलकर मतदाता सूची को दुरुस्त कराने में सहयोग करेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी इस समय संगठनात्मक कार्यक्रमों से अधिक निर्वाचन आयोग के कार्यों में सहयोग को प्राथमिकता दे रही है। पार्टी का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए और नाम जोड़ने या त्रुटियों के सुधार का कार्य समय पर पूरा हो।
हर बूथ पर एक-एक मतदाता पर फोकस
भाजपा का लक्ष्य है कि प्रत्येक बूथ पर एक-एक मतदाता का नाम सूची में दर्ज कराने या संशोधन के लिए बीएलओ को सहयोग दिया जाए। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट जिला इकाई को भेजी जाएगी।
जिलाध्यक्ष ने की बैठक
तीन दिवसीय विशेष प्रवास अभियान को लेकर जिलाध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित ने सीसामऊ विधानसभा के रायपुरवा मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि मंडल, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारी अपने-अपने बूथों पर प्रवास करेंगे और मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की निगरानी करेंगे।
अंदरूनी राजनीति की भी चर्चा
हालांकि राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी है कि कानपुर में पार्टी के अंदर चल रही खींचतान और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में संभावित हंगामे की आशंका को देखते हुए दौरा रद्द किया गया है। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने इन अटकलों को खारिज करते हुए इसे पूरी तरह संगठनात्मक और निर्वाचन आयोग से जुड़े कार्यों से जोड़कर बताया है।






