मंधना-बिठूर रोड पर फर्नीचर शॉप में भीषण आग, 40 लाख का सामान जलकर राख

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर में मंगलवार देर रात मंधना-बिठूर रोड स्थित एक फर्नीचर फैब्रिकेटर्स की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही देर में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। समय रहते दमकल विभाग और पुलिस की सतर्कता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे गश्त पर निकले बिठूर थानाप्रभारी प्रेमनारायण विश्वकर्मा ने दुकान से उठती आग की लपटें देखीं। उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड और दुकान मालिक अश्वनी शर्मा को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही शिवराजपुर फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुँची।

दमकल की त्वरित कार्रवाई
दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास की दुकानों तक फैलने से पहले ही बुझा दिया। आग बुझाने के दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

शॉर्ट सर्किट से आग की आशंका
रामदेवीपुरम, मंधना निवासी दुकान मालिक अश्वनी शर्मा ने आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा करीब 35 से 40 लाख रुपये मूल्य का फर्नीचर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

आग में स्कूटी, एयर कंडीशनर, इन्वर्टर, लैपटॉप, प्रिंटर सहित प्लास्टिक और लकड़ी से बना तैयार व अधूरा फर्नीचर भी जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News