तत्कालीन थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी पर दर्ज मुकदमों का मामला, धमकियों से परेशान पीड़ित ने मांगी पुलिस सुरक्षा

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। चकेरी थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी और सनिगवां चौकी के तत्कालीन प्रभारी समेत अन्य के खिलाफ दर्ज गंभीर आपराधिक मुकदमों से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। रविवार को पीड़ित पक्ष की ओर से एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें पीड़ित ने आरोपियों द्वारा लगातार धमकाने का आरोप लगाते हुए
पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।

हाईकोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई थी एफआईआर
लाल बंगला के चंद्रनगर निवासी संजय जायसवाल की पत्नी संगीता जायसवाल ने हाईकोर्ट के आदेश पर चकेरी थाने में तत्कालीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला, तत्कालीन सनिगवां चौकी प्रभारी अंकित खटाना, योगी बिल्डर, धर्मेंद्र यादव समेत 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ डकैती सहित कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस की मिलीभगत से उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करवाया। इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

समझौते का दबाव और धमकियों का आरोप
पीड़ित संजय जायसवाल का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी पक्ष लगातार उन्हें समझौता करने का दबाव बना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आए दिन धमकियां दी जा रही हैं, जिससे परिवार दहशत में है।
इसी क्रम में पीड़ित ने सोशल मीडिया पर दूसरा वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। वीडियो में पीड़ित आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए खुद को और परिवार को खतरा बता रहा है।

पुलिस ने लिया संज्ञान
इस पूरे मामले पर एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय ने बताया कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीड़ित की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है।

फिर उठे पुलिस की भूमिका पर सवाल
इस प्रकरण ने एक बार फिर पुलिस अधिकारियों की भूमिका और निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि पीड़ित परिवार को सुरक्षा मिलती है या नहीं और मामले में आगे की कार्रवाई किस दिशा में बढ़ती है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News