गर्भवती पत्नी और मासूम की चीखों पर भी नहीं पसीजा दिल, धारदार हथियार से काट डाला; कानपुर में डबल मर्डर से सनसनी

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। गोपालपुर के मजरा शारदेपुर में शराब पीने के विरोध से आक्रोशित पति ने अपनी ही पांच माह की गर्भवती पत्नी और ढाई साल के मासूम बेटे की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

आरोपी सुरेंद्र यादव उर्फ स्वामी ने रविवार रात करीब नौ बजे पत्नी रूबी देवी (32) और बेटे लवांश (2.5) पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। गर्भवती पत्नी और मासूम की चीख-पुकार के बावजूद आरोपी का दिल नहीं पसीजा और उसने दोनों को मौत के घाट उतार दिया।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घर पहुंचा देवर, खून से लथपथ शव देख उड़ गए होश
घटना की जानकारी तब हुई जब देवर पप्पू घर पहुंचा। अंदर का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। जमीन पर रूबी देवी और लवांश के खून से सने शव पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया।
आलाधिकारी मौके पर, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए जेसीपी कानून व्यवस्था आशुतोष कुमार, डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी, एडीसीपी योगेश कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आलाकत्ल (बांका) भी बरामद कर लिया है।

शराब पीने को लेकर होता था विवाद
डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सुरेंद्र शराब पीने का आदी था। वह काम-धंधा स्थिर न होने के कारण कभी ट्रक में खलासी तो कभी मजदूरी करता था। जो भी कमाई होती, उसे शराब में उड़ा देता था। पत्नी रूबी देवी अक्सर इसका विरोध करती थी, जिससे दोनों के बीच आए दिन झगड़ा होता रहता था।

रविवार रात भी शराब पीकर घर लौटने पर पत्नी ने विरोध किया, जिससे विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर सुरेंद्र ने पत्नी की गर्दन और मासूम बेटे के सिर पर कई वार कर उनकी हत्या कर दी।

गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित
घटना के बाद आरोपी फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं। आसपास के गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ग्रामीणों से पूछताछ कर आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

गांव में पसरा मातम, लोग स्तब्ध
वारदात के बाद घर के बाहर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव वालों का कहना है कि आरोपी की हैवानियत इतनी ज्यादा थी कि उसने अपने ढाई साल के बेटे को मारते वक्त भी एक बार हाथ नहीं कांपे। घटना से पूरे गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है।

चार साल भी नहीं निभा पाया रिश्ता
परिजनों ने बताया कि सुरेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी वर्ष 2021 में फतेहपुर निवासी रूबी देवी से हुई थी। शादी के चार साल भी पूरे नहीं हुए थे कि शराब की लत और घरेलू कलह ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। रूबी देवी इस समय पांच माह की गर्भवती थी।

एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत यादव ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News