कानपुर में दर्दनाक सड़क हादसा डंपर की टक्कर से ई-रिक्शा पलटा, भतीजे की मौत, चाचा गंभीर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। बिधनू थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा सवार भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों मिर्च लादकर नौबस्ता मंडी जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी।
हादसा रामगंगा नहर के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में कुम्हेड़िया गांव निवासी 26 वर्षीय सूरज गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। सूरज सब्जी का काम करता था और परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी संध्या और दो छोटी बेटियां हैं।
हादसे में सूरज के चाचा मंजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ई-रिक्शा हटवाकर यातायात बहाल कराया। घायल मंजीत को उपचार के लिए एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मृतक के स्वजन को घटना की जानकारी दी। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि स्वजन की तहरीर मिलने पर डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।






