ऑटो में बैठाकर सवारियों से लूटपाट करने वाले चार शातिर गिरफ्तार नेपाल के कपड़ा व्यापारी से लूट के बाद शराब पार्टी करते समय दबोचे गए आरोपी

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। ऑटो में सवारी बैठाकर रास्ते में मारपीट कर लूटपाट करने वाले चार शातिर लुटेरों को सीसामऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ऑटो और 6,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जेके जूट मिल की एक गली में शराब पार्टी कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि लुटेरों ने नेपाल निवासी कपड़ा व्यापारी रामबहादुर बुडा को अपना निशाना बनाया था। व्यापारी 4 जनवरी को अहमदाबाद से नेपाल स्थित अपने घर लौट रहे थे।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम
रविवार दोपहर व्यापारी फजलगंज में बस से उतरे थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें फजलगंज से टाटमिल छोड़ने के बहाने ऑटो में बैठाया। रास्ते में आरोपियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और 11,500 रुपये नकद लूट लिए। वारदात के बाद उन्हें गुंजन टॉकीज के पास सड़क पर फेंक दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित की तहरीर पर सीसामऊ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान चलाया।

शराब पार्टी करते समय गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जेके जूट मिल के पास एक गली में शराब पार्टी कर रहे हैं। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार लुटेरों की पहचान रावतपुर गुप्ता कॉलोनी निवासी सरगना राघवेंद्र गुप्ता उर्फ अंशु, दर्शनपुरवा निवासी युवराज तिवारी, अशोक नगर निवासी विजय वर्मा और फजलगंज लोनिया निवासी उस्मान अली के रूप में हुई है।

पहले भी जा चुके हैं जेल
डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि पकड़े गए चारों आरोपी पिछले साल काकादेव क्षेत्र में हुई लूट की घटना में भी जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य वारदातों में इनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News