सोशल मीडिया पर युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट करने वाला युवक कन्नौज से गिरफ्तार, तमिलनाडु पुलिस अपने साथ ले गई
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। सोशल मीडिया पर तमिलनाडु की एक किशोरी की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट करने के आरोप में कन्नौज के एक युवक को तमिलनाडु पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तमिलनाडु से आई पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर अपने साथ रवाना कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र की सरायप्रयाग चौकी अंतर्गत पनगंवा गांव का है। यहां के रहने वाले अजय नामक युवक पर आरोप है कि उसने इंस्टाग्राम के माध्यम से कन्याकुमारी क्षेत्र की एक किशोरी से संपर्क स्थापित किया था। बाद में उसने कथित रूप से किशोरी की आपत्तिजनक तस्वीरें इंटरनेट पर साझा कर दीं।
बताया गया कि आरोपी के पिता उदय नारायण वर्ष 1984 से तमिलनाडु में बर्फ का व्यवसाय करते थे और परिवार सहित वहीं निवास कर रहे थे। कोविड-19 महामारी के दौरान परिवार वापस अपने पैतृक गांव पनगंवा आ गया था। इसी दौरान युवक की सोशल मीडिया के जरिए किशोरी से दोस्ती हुई थी।
तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से आहत होकर किशोरी और उसके परिजनों ने तमिलनाडु में संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कराया। मामले की जांच के बाद तमिलनाडु पुलिस ने आरोपी की लोकेशन कन्नौज जनपद में ट्रेस की।
रविवार को कन्याकुमारी थाने की इंस्पेक्टर मिथबुल देवी पुलिस बल के साथ गुरसहायगंज कोतवाली पहुंचीं। स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में पनगंवा गांव में दबिश दी गई और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तमिलनाडु पुलिस उसे अपने साथ ले गई।
गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी अजय कुमार अवस्थी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ तमिलनाडु में मुकदमा दर्ज है। सोशल मीडिया पर युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें पोस्ट करने के मामले में वह वांछित था। तमिलनाडु पुलिस विधिक कार्रवाई के तहत उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गई है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें और किसी की निजी तस्वीरों या सामग्री को बिना अनुमति साझा करने से बचें, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।






