कन्नौज में डीएम का आकस्मिक निरीक्षण: गुगरापुर व जलालाबाद CHC में गंदगी, प्रभारी चिकित्साधिकारी अनुपस्थित

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुगरापुर और जलालाबाद का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था, दवा उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति और मरीजों को दी जा रही सेवाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया।

सबसे पहले डीएम ने सीएचसी गुगरापुर का जायजा लिया। यहां डॉ. देवेन्द्र कुमार मीना, फार्मासिस्ट प्रभात तिवारी, वार्ड बॉय अतुल कुमार एवं स्वीपर सोनू उपस्थित मिले, जबकि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र चौधरी अनुपस्थित पाए गए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली और कई स्थानों पर गंदगी देखी गई। निरीक्षण के समय अस्पताल में कोई मरीज मौजूद नहीं था। डीएम ने तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए। बताया गया कि डॉ. देवेन्द्र कुमार मीना वर्ष 2025 बैच के पासआउट चिकित्सक हैं, जिनकी नियुक्ति बॉन्ड के आधार पर की गई है।

इसके बाद जिलाधिकारी ने सीएचसी जलालाबाद का निरीक्षण किया। यहां डॉ. उदय वीर प्रताप, फार्मासिस्ट ज्ञानेंद्र सचान एवं वार्ड बॉय शिवम ड्यूटी पर मौजूद मिले, जबकि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार अनुपस्थित पाए गए। केंद्र पर दवाओं की उपलब्धता संतोषजनक रही, लेकिन स्टोर रूम में गंदगी मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में महिला चिकित्सालय का भी जायजा लिया गया। स्टाफ नर्स रचना यादव ने बताया कि यहां प्रतिमाह लगभग 16 से 17 प्रसव कराए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान महिला चिकित्सक डॉ. पूनम अनुपस्थित पाई गईं, जिस पर डीएम ने जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी चिकित्साधिकारी एवं कर्मचारी समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वच्छता, दवा की पर्याप्त उपलब्धता और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News