आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर खड़ी बस में डीसीएम की टक्कर, हेल्पर की मौत, 5 घायल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। रविवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। सौरिख थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 157 के पास खड़ी एक स्लीपर बस में पीछे से आ रही डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम पर सवार हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे एक्सप्रेस-वे के किनारे एक स्लीपर बस खड़ी थी। तभी पीछे से आ रही डीसीएम अनियंत्रित होकर बस में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन में फंसे हेल्पर नफीस (निवासी अलवर, राजस्थान) को निकालने के लिए केबिन काटनी पड़ी। उसे तत्काल तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के समय बस में लगभग 80 यात्री सवार थे। घायलों में डीसीएम चालक शाकिर (निवासी अलवर, राजस्थान) और बस में सवार अंगेश (निवासी कुशीनगर) सहित अन्य यात्री शामिल हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सौरिख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी मनोहर लाल के अनुसार बस चालक ने वाहन को एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़ा कर दिया था। इसी दौरान पीछे से आ रही डीसीएम बस से टकरा गई। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही एक्सप्रेस-वे पर तैनात यूपीडा कर्मी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बसों से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारु करा दिया गया।






