कन्नौज में पुलिस पर मारपीट व तोड़फोड़ का आरोप, ग्रामीण ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर मारपीट और घर में तोड़फोड़ करने का आरोप सामने आया है। पीड़ित ग्रामीण ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
मामला गुरसहायगंज कोतवाली के नौरंगपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। गांव निवासी ठाकुर जितेंद्र सिंह के अनुसार, गांव में दो सगे भाइयों के बीच आपसी विवाद हो रहा था, जिसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
आरोप है कि जिस परिवार में झगड़ा हो रहा था, वहां जाने के बजाय पुलिसकर्मी उनके घर में घुस गए, जबकि उस समय वह घर के अंदर भोजन कर रहे थे। जितेंद्र सिंह का कहना है कि एक सिपाही, जो लोवर और टी-शर्ट पहने हुए था, ने उनके साथ मारपीट की और घर में तोड़फोड़ की। इसके बाद उन्हें जबरन घसीटते हुए सड़क तक ले जाया गया।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया तो पुलिसकर्मियों ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी और वहां से चले गए। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल बना रहा।
ठाकुर जितेंद्र सिंह ने स्वयं को युवा हिंदू वाहिनी का वरिष्ठ सदस्य बताते हुए कहा कि उन्होंने घटना का वीडियो साक्ष्य सहित पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार को शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कराने और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच जारी है।






