रिश्तेदार पर जेवर चोरी का आरोप, पीड़िता ने थाने में दी तहरीर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। ठठिया थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपनी ही रिश्तेदार पर घर से जेवर चोरी कर फरार होने का आरोप लगाया है। मामले में पीड़िता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, खैरनगर चौकी क्षेत्र के अडडापुरवा गांव निवासी फूलश्री पत्नी हरिश्चंद्र शनिवार दोपहर ठठिया थाना पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खेत पर गई थीं। इसी दौरान कन्नौज थाना क्षेत्र की एक रिश्तेदार महिला उनके घर पहुंची।
पीड़िता का आरोप है कि उक्त महिला घर में रखे सोने का मंगलसूत्र और चांदी के पायल (हाफ पेटी) लेकर फरार हो गई। घर लौटने पर सामान गायब मिला, जिसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। आरोपित महिला से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा है।
थाना प्रभारी देवेश कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना की सत्यता स्पष्ट हो सके।






