कन्नौज में आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान हंगामा, पुलिस से धक्का-मुक्की का आरोप
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। सौरिख थाना क्षेत्र के एक गांव में मारपीट के आरोपियों को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई, जिससे मौके का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
जानकारी के अनुसार, घटना सौरिख थाना क्षेत्र के अल्हादादपुर गांव की है। बताया गया कि 19 फरवरी को सौरिख कस्बे के संजयनगर मोहल्ला निवासी साहिल बाल्मीकि अपनी मां के स्थान पर सफाई कार्य करने गया था। इसी दौरान गांव के विनय, विक्रम और जयकुमार बाल्मीकि पर गाली-गलौज और विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगा। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
शनिवार शाम हल्का इंचार्ज उमेश चंद्र अपने हमराह सिपाही डाल चंद्र के साथ मामले की जांच एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव पहुंचे। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान वहां कुछ लोग एकत्र हो गए। इसी बीच कहासुनी की स्थिति बनी और आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मौके पर हुई अफरा-तफरी के दौरान आरोपी वहां से निकल गए। घटना के कुछ वीडियो ग्रामीणों द्वारा बनाए गए, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।
वहीं, थाना प्रभारी जयंती प्रसाद गंगवार ने बताया कि पुलिस टीम जांच के सिलसिले में गांव गई थी। उनके मुताबिक ग्रामीणों से कहासुनी हुई है, लेकिन मारपीट या आरोपियों को छुड़ाने जैसी बातों से इनकार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।






