कन्नौज में होली से पहले बड़ी कार्रवाई: 800 लीटर संदिग्ध दूध जब्त, 12 हजार की खाद्य सामग्री नष्ट

संवाद 24 संवाददाता। होली पर्व को देखते हुए जनपद कन्नौज में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 800 लीटर संदिग्ध/मिलावटी दूध जब्त किया गया, जबकि करीब 12,000 रुपये मूल्य की दूषित खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठानों से पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

जिलाधिकारी के निर्देश एवं अपर जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने यह कार्रवाई की। टीम ने प्रजापति मार्केट के पास बेहरीन, कन्नौज-तिर्वा रोड पर एक टाटा बोलेरो वाहन को रोका। वाहन में 25 केन में लगभग 800 लीटर दूध ले जाया जा रहा था। खाद्य कारोबारी सौरभ यादव से दूध के दो नमूने लेकर जांच के लिए सुरक्षित किए गए।

इसी क्रम में टीम ने जरकिला स्थित गौरी शंकर रोड पर योगेश्वर किराना स्टोर से रंगीन कचरी का एक नमूना संग्रहित किया। वहीं अजय पाल रोड, कन्नौज नगर पालिका क्षेत्र में स्थित शंकर मिष्ठान भंडार से खोये का एक नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार साहू ने कमालगंज, फर्रुखाबाद स्थित असैनी ग्रामोद्योग सेवा संस्थान द्वारा निर्मित ‘मनपसंद’ ब्रांड अचार का एक नमूना भी जांच के लिए एकत्र किया।

अभियान के दौरान स्थानीय खोया मंडी में भी सघन चेकिंग की गई। इस दौरान करीब 60 लीटर खराब व दूषित दूध, 40 किलोग्राम रंगीन कचरी, 20 किलोग्राम खोया तथा लगभग 7 किलोग्राम दूषित अचार खाद्य कारोबारियों की सहमति से नष्ट कराया गया। नष्ट की गई सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 12 हजार रुपये बताया गया है।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सभी पांच नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को मिलावटी एवं रंगीन खाद्य पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत रहने की चेतावनी दी, साथ ही आमजन को भी मिलावट की पहचान के स्थानीय तरीकों की जानकारी दी।

जनपद में शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News