कानपुर: डीआईजी ने किया ठठिया थाने का औचक निरीक्षण, अभिलेखों व सुरक्षा व्यवस्था की जांच
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) हरीश चन्द्र ने देर शाम ठठिया थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की समग्र सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया। अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना परिसर, अभिलेखों, मालखाने और हवालात की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। कार्यालय में रखे रजिस्टरों की स्थिति और अभिलेखों के रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने हेड मोहर्रिर महेश चंद्र और कार्यालय मुंशी कुलदीप पटेल के कार्य की सराहना की। महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला आरक्षकों का भी उत्साहवर्धन किया गया।
डीआईजी ने जनसुनवाई रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की गहन जांच की और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारी देवेश कुमार को अपराध नियंत्रण, प्रभावी गश्त व्यवस्था और लंबित विवेचनाओं के त्वरित निष्पादन को प्राथमिकता देने के लिए कहा।
निरीक्षण से पूर्व क्षेत्राधिकारी कुलवीर सिंह ने डीआईजी का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। पुलिस टीम द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रस्तुत किया गया। डीआईजी ने बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को दस हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की तथा थाना प्रभारी को नए कार्यालय भवन के निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण को लेकर पुलिस महकमे में सक्रियता देखी गई और व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।






