कन्नौज में 26 फरवरी को ‘विकसित भारत युवा संसद–2026’ का आयोजन

संवाद 24 संवाददाता। जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद–2026 का आयोजन 26 फरवरी 2026 को किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘माय भारत’ मंच, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) तथा पी.एस.एम. कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय परिसर में होगा। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक संवाद के मंच पर अपने विचार रखने का अवसर प्रदान करना है।

कार्यक्रम की तैयारियों के क्रम में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी ने पोस्टर का विमोचन किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय सिंह ने बताया कि आयोजन के लिए पूर्व में महाविद्यालय और मंत्रालय के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए थे, जिसके तहत यह जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

आयोजन की रूपरेखा को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए एक समन्वय समिति का गठन किया गया है। समिति में राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक, ‘माय भारत’ के जिला युवा अधिकारी, एनएसएस (स्कूल शिक्षा) के जिला समन्वयक तथा महाविद्यालय के प्रतिनिधि शामिल हैं। समिति कार्यक्रम की व्यवस्थाओं, पंजीकरण और मूल्यांकन प्रक्रिया की निगरानी करेगी।

राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डॉ. रमेश सिंह ने जानकारी दी कि ‘माय भारत’ पोर्टल पर पंजीकृत 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा प्रतिभागी इस युवा संसद में भाग ले सकेंगे। प्रतिभागी हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में अपने विचार प्रस्तुत कर सकते हैं। प्रत्येक प्रतिभागी को अधिकतम तीन मिनट का समय निर्धारित किया गया है।

प्रतिभागियों का मूल्यांकन निर्णायक मंडल द्वारा विषय की समझ, तार्किक विश्लेषण, संवैधानिक मूल्यों की जानकारी तथा प्रभावी अभिव्यक्ति के आधार पर किया जाएगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा संसद में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जबकि राज्य स्तर से चयनित युवा राष्ट्रीय मंच पर अपने विचार रख सकेंगे।

जिला युवा अधिकारी ‘माय भारत’ सागर माहेश्वरी ने जनपद के सभी महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक सोच और लोकतांत्रिक सहभागिता को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक सशक्त मंच प्रदान करना है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News