कन्नौज में शिक्षक के घर से 50 लाख के जेवर चोरी
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र स्थित कृष्णानगर मोहल्ले में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक शिक्षक के बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर पार कर दिए। घटना उस समय हुई जब पूरा परिवार एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, मदारीपुर कस्बा में तैनात शिक्षक महेंद्र सिंह अपनी पत्नी संजू देवी के साथ ठठिया क्षेत्र के स्मृतिपुर गांव में आयोजित पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। परिजनों को शाम तक वापस लौटना था, लेकिन रिश्तेदारों के आग्रह पर वे वहीं रुक गए।
सुबह पड़ोसियों ने मकान का मुख्य ताला टूटा देखा और इसकी सूचना फोन पर महेंद्र सिंह को दी। सूचना मिलते ही परिवार तत्काल घर पहुंचा। मौके पर पहुंचकर देखा गया कि मुख्य गेट का ताला काटा गया था तथा अंदर रखी अलमारियों, सेफ और बक्सों के ताले भी तोड़े गए थे। घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला।
पीड़िता संजू देवी ने बताया कि चोर घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण ले गए, जिनमें उनकी बेटी के शादी के लिए तैयार किए गए जेवर भी शामिल थे। प्राथमिक अनुमान के अनुसार चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सुरेश कुमार, थाना प्रभारी विष्णु कांत तिवारी एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। क्षेत्र में हुई इस बड़ी चोरी से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।






