कन्नौज के आंटी गांव को चार विकास कार्यों की सौगात, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने किया लोकार्पण
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। आंटी गांव में एक साथ चार महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। असीम अरुण ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर आधुनिक खेल मैदान, कचरा प्रबंधन केंद्र (आरआरसी), गौशाला और अन्नपूर्णा भवन को जनता को समर्पित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि आंटी गांव को विकास के मॉडल के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन चारों परियोजनाओं से गांव की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा और ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता गांवों में मूलभूत ढांचे को सुदृढ़ करना है।
मंत्री ने बताया कि आधुनिक खेल मैदान से युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर मंच मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्राप्त होगा। वहीं, आरआरसी केंद्र के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को व्यवस्थित किया जाएगा, जिससे गांव में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। गौशाला पशुपालकों के लिए सहायक सिद्ध होगी, जबकि अन्नपूर्णा भवन का उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए किया जाएगा।
उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी गांव की आवश्यकताओं का आकलन कर विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष वीरसिंह भदौरिया, ब्लॉक प्रमुख रामू कठेरिया, ग्राम प्रधान नरेंद्र कुमार प्रजापति सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।






