राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज तिर्वा ने राज्यस्तरीय खेलों में लहराया परचम
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। झांसी में आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज तिर्वा के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन बुंदेलखंड राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, झांसी में किया गया, जिसमें प्रदेश के विभिन्न इंजीनियरिंग संस्थानों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में तिर्वा कॉलेज की टीम ने कुल 5 स्वर्ण, 40 रजत और 8 कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से न केवल संस्थान बल्कि पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में पल्लवी सोनी ने अद्वितीय प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 1600 मीटर गर्ल्स वर्ग में चार स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता की स्टार खिलाड़ी बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं तृप्ति ने 200 मीटर गर्ल्स दौड़ में कांस्य पदक हासिल कर टीम के पदक तालिका में योगदान दिया।
बॉयज वर्ग में नितिन कुमार ने 1600 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। 100 मीटर दौड़ में सचिन यादव ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 200 मीटर स्पर्धा में अर्जित यादव ने रजत और सचिन यादव ने कांस्य पदक जीता। 400 मीटर बॉयज स्पर्धा में भी कॉलेज को कांस्य पदक मिला।
फील्ड इवेंट्स में आकांक्षा यादव ने शॉट पुट में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि सृष्टि गुप्ता ने इसी स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर कॉलेज की उपलब्धियों में इजाफा किया।
कॉलेज के निदेशक मनोज शुक्ला ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने अनुशासन, परिश्रम और टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा जताई।
इस उपलब्धि से तिर्वा क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है तथा विद्यार्थियों की इस सफलता को खेलों के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी उदाहरण माना जा रहा है।






