कन्नौज में 20 लाख के जोधपुरी लहंगे लूट कांड का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

संवाद 24 संवाददाता। जोधपुर के कीमती लहंगों से लदे टेम्पो की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए लहंगे-चुनरी, टेम्पो, दो मोटरसाइकिल, दो देशी तमंचे तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घटना करीब 25 दिन पूर्व की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार 28 जनवरी को जोधपुर से आए पार्सल को तेराजाकेट कस्बे से तालग्राम ले जाया जा रहा था। टेम्पो में लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के लहंगे-चुनरी लदे हुए थे। रोहली मोड़ के पास बाइक सवार बदमाशों ने टेम्पो चालक शमीम अहमद को तमंचा दिखाकर वाहन रुकवाया और टेम्पो समेत माल लेकर फरार हो गए।

घटना के बाद चालक ने तालग्राम स्थित कंपनी कार्यालय पहुंचकर मोहम्मद कामिल को सूचना दी। इसके पश्चात पुलिस में मामला दर्ज कराया गया। टेम्पो में फर्रूखाबाद और गुरसहायगंज के 14 व्यापारियों का माल लदा हुआ था।

पुलिस ने फर्रूखाबाद जिले के नगला खेम रेगाई निवासी सादाब पुत्र सलीम, ढपलपुर निवासी वाशिद खान पुत्र आबिद खान, लेनगांव निवासी विशाल यादव उर्फ विक्की पुत्र सर्वेश यादव, नगला खेम रेगाई निवासी शीतल श्रीवास्तव पुत्र राजेश श्रीवास्तव तथा पिथूपुर निवासी योगेश राजपूत उर्फ विनय पुत्र महेंद्र राजपूत को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में अन्य चार आरोपियों—जिया उल उर्फ आबू, सचिन यादव, विवेक राजपूत और अभिजीत राजपूत—के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे जुए में काफी धनराशि हार गए थे। नुकसान की भरपाई के लिए उन्होंने लूट की योजना बनाई। बताया गया कि वाशिद खान वीजी ट्रांसपोर्ट कंपनी का संचालन करता है और लहंगा-चुनरी के व्यापार से जुड़ा है। उसने माल के आवागमन की सूचना विशाल यादव को दी। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस द्वारा लूटा गया अधिकांश माल बरामद कर लिया गया है, जिससे 14 व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News