कसाबा मंडी में बड़ी कार्रवाई: 11 साल से किराया बकाया, 5 दुकानों पर ताला

संवाद 24 संवाददाता। कृषि उत्पादन मंडी समिति छिबरामऊ ने कसाबा स्थित मंडी परिसर में वर्षों से किराया न चुकाने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। लगभग 11 साल से बकाया चल रहे किराए के मामले में समिति द्वारा निर्मित 10 दुकानों में से 5 दुकानों पर ताला जड़ दिया गया। कार्रवाई मंडी सचिव श्रवण सिंह परमार के नेतृत्व में की गई।

प्रशासनिक जांच में सामने आया कि संबंधित दुकानदार लंबे समय से न तो मासिक किराया जमा कर रहे थे और न ही अन्य देय करों का भुगतान कर रहे थे। अभिलेखों की जांच के बाद बकायादारों की सूची तैयार की गई, जिसके आधार पर यह कदम उठाया गया।

मंडी सचिव श्रवण सिंह परमार ने बताया कि एक दशक से अधिक समय से किराया बकाया होने के कारण सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा था। साथ ही कुछ दुकानों को बिना अनुमति अन्य व्यक्तियों को किराए पर दिए जाने की शिकायतें भी प्राप्त हुई थीं। इन्हीं शिकायतों के मद्देनजर स्थलीय निरीक्षण कर तथ्य जुटाए गए।

मंडी प्रशासन ने संबंधित दुकानदारों को अंतिम रूप से 10 दिन का समय दिया है, ताकि वे संपूर्ण बकाया राशि जमा कर सकें। स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित अवधि में भुगतान न होने की स्थिति में दुकानों का आवंटन निरस्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

समिति की इस कार्रवाई से कसाबा क्षेत्र के व्यापारियों में हलचल मच गई है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि तय समयसीमा के भीतर कितने दुकानदार बकाया जमा कर अपने आवंटन को सुरक्षित रख पाते हैं।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News