कन्नौज जनपद में विकास को बढ़ावा, करोड़ों की परियोजनाएं पास
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत नगर निकायों द्वारा प्रस्तुत विकास कार्यों के प्रस्तावों को जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा के बाद करोड़ों रुपये की धनराशि से विकास कार्यों को हरी झंडी दी गई।
बैठक में कन्नौज नगर पालिका परिषद के अंतर्गत 8 करोड़ 17 लाख 366 रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाने पर सहमति बनी। बुनियादी अनुदान के तहत बाउंड्रीवाल, सीसी रोड और नाला निर्माण कार्यों के लिए पहली एवं दूसरी किस्त जारी करने का निर्णय लिया गया। वहीं निर्दिष्ट अनुदान के अंतर्गत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, जलापूर्ति व्यवस्था, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, वर्षा जल निकासी प्रणाली तथा शव वाहन क्रय के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
इसी प्रकार गुरसहायगंज नगर पालिका परिषद के लिए 4 करोड़ 17 लाख 99 हजार 506 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। यहां भी बुनियादी अनुदान से बाउंड्रीवाल, सीसी रोड और नाला निर्माण कार्यों के लिए किस्त जारी की जाएगी। निर्दिष्ट अनुदान के अंतर्गत सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, जलापूर्ति, रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं वर्षा जल निकासी से जुड़े कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई।
समधन नगर पंचायत में 2 करोड़ 54 लाख 71 हजार 118 रुपये की लागत से मार्ग प्रकाश, विभिन्न निर्माण कार्य, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, जलापूर्ति, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और जल निकासी व्यवस्था से संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत योजनाओं की गहन समीक्षा के बाद इन्हें हरी झंडी मिली।
वहीं तिर्वा नगर पंचायत के लिए 1 करोड़ 91 लाख 32 हजार 548 रुपये की धनराशि से मार्ग प्रकाश, निर्माण कार्य, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, जलापूर्ति, रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा वर्षा जल निकासी संबंधी प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, इसलिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।





