सौरिख में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल, दो की हालत गंभीर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। सौंरिख क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में परीक्षा देकर लौट रहे बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए। हादसा राजापुर बंबा के पास उस समय हुआ, जब पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैनपुरी जनपद के बेवर थाना क्षेत्र के बरुआ सबलपुर निवासी दिनेश (31) पुत्र प्रेमचंद, छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के जरारा गांव की छात्राएं शिवानी और तन्नु पुत्रियां जवाहरलाल को हाईस्कूल की परीक्षा दिलाने सौंरिख आए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे तीनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान राजापुर बंबा के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सहायता से घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तन्नु और दिनेश को बेहतर इलाज के लिए तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जबकि शिवानी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। पुलिस घटना की जांच कर अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।





