परीक्षा केंद्र से उत्तर पुस्तिका लेकर बाहर निकला परीक्षार्थी, एक घंटे बाद कॉपी बरामद — दो शिक्षक हटाने की संस्तुति

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान छिबरामऊ तहसील क्षेत्र में स्थित तालग्राम के श्री राधेश्याम इंटर कॉलेज, उमरपुर परीक्षा केंद्र पर लापरवाही का मामला सामने आया है। पहली पाली की परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका लेकर ही केंद्र से बाहर निकल गया, जिससे परीक्षा केंद्र पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हजेला इंटर कॉलेज का हाईस्कूल परीक्षार्थी शिवाकांत परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रश्नपत्र जमा कर केंद्र से बाहर चला गया, जबकि उसकी उत्तर पुस्तिका उसके पास ही रह गई। बाद में उत्तर पुस्तिकाओं की गणना के दौरान एक कॉपी कम मिलने पर केंद्र प्रशासन में हड़कंप मच गया और तत्काल छात्र की तलाश शुरू कराई गई।

केंद्र प्रशासन की सक्रियता से लगभग एक घंटे बाद परीक्षार्थी का पता लगाकर उसकी उत्तर पुस्तिका बरामद कर ली गई, जिसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। मामले की जांच में कक्ष निरीक्षकों की लापरवाही सामने आने पर केंद्र व्यवस्थापक एवं प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार ने ड्यूटी पर तैनात सहायक शिक्षक सत्यजीत अवस्थी और खुर्शीद ताजी को हटाने की संस्तुति कर दी।

स्टेटिक मजिस्ट्रेट आशीष कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिका लेकर केंद्र से बाहर चला गया था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News