सिंहपुर में होली स्थल विवाद का हुआ स्थायी समाधान, ग्राम समाज की भूमि चिन्हित

संवाद 24 संवाददाता। बिशुनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिंहपुर में वर्षों से चला आ रहा होली स्थल विवाद बुधवार को प्रशासनिक पहल के बाद समाप्त हो गया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में राजस्व अभिलेखों के आधार पर ग्राम समाज की भूमि को नए होली स्थल के रूप में चिन्हित कर स्थायी समाधान निकाला गया।

विवाद की संवेदनशीलता को देखते हुए नायब तहसीलदार रामप्रकाश, कानूनगो आशुतोष चौहान, क्षेत्रीय लेखपाल सनोज कुमार, थाना प्रभारी भागमल तथा शंकरपुर चौकी इंचार्ज हरे कृष्ण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सबसे पहले राजस्व अभिलेखों की जांच की और ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी आपत्तियां व सुझाव सुने। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्णय पूरी तरह सरकारी अभिलेखों के आधार पर लिया जाएगा ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में गांव की होली महताव यादव के निजी चबूतरे पर जलाई जाती थी, जिसके कारण हर वर्ष विवाद की स्थिति बनती थी। लंबे समय से ग्रामीण स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।

राजस्व अभिलेखों के आधार पर ग्राम समाज की भूमि को नए होली स्थल के रूप में चिन्हित किया गया और मौके पर सीमांकन कराया गया। ग्राम प्रधान मनोज कुमार यादव ने तत्काल जेसीबी मशीन से स्थल की साफ-सफाई करवाई तथा सीमांकन के लिए चूना डलवाया गया। इसके बाद विधिवत पूजन कर नए स्थल को उपयोग के लिए तैयार किया गया।

संभावित विवाद को देखते हुए पूरे समय पुलिस बल तैनात रहा, हालांकि प्रशासनिक सतर्कता और ग्रामीणों के सहयोग से पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासन को सूचना देने की अपील की।

इस दौरान मुकेश, बलविंद्र, भमर, वीरपाल, ओमकार, राजेंद्र, कुलदीप, दिलीप, अजन्टी और प्रमोद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होने से गांव में शांति और भाईचारे का माहौल मजबूत होगा तथा अब होली का पर्व विवादमुक्त वातावरण में मनाया जा सकेगा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News