कन्नौज में बदला मौसम का मिजाज, तापमान में आई गिरावट
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद में बुधवार दोपहर के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। आसमान में बादल छाने और तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को फिर से ठंड का अहसास होने लगा। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का असर बढ़ रहा था, लेकिन मौसम के इस बदलाव से लोगों को राहत मिली है।
बीते दिनों लगातार तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही थी। दिन के समय गर्मी का असर महसूस होने लगा था और कई लोगों ने गर्म कपड़ों का उपयोग भी कम कर दिया था। हालांकि बुधवार दोपहर बाद अचानक हवाओं के तेज होने और बादल छाने से वातावरण ठंडा हो गया, जिससे शाम के समय सर्दी का असर फिर दिखाई देने लगा।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार शाम तापमान में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। जहां पिछले दिनों अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था, वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
मौसम के इस अचानक बदलाव से लोगों को दिन की गर्मी से राहत मिली है, हालांकि शाम और सुबह के समय हल्की ठंड का प्रभाव फिर से महसूस किया जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में बादल और हवाओं के कारण तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।





