कसाबा के कम्पोजिट विद्यालय की हालत खराब, सुरक्षा और स्वच्छता पर उठे सवाल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। विकासखंड छिबरामऊ के कसाबा स्थित कम्पोजिट विद्यालय में अव्यवस्थाओं के कारण छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और पढ़ाई दोनों प्रभावित हो रही हैं। विद्यालय परिसर में फैली गंदगी, टूटी हुई बाउंड्री वॉल और मुख्य गेट के अभाव ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय के आसपास कुछ लोग नियमित रूप से कूड़ा-करकट और गोबर डाल देते हैं, जिससे परिसर में दुर्गंध फैलती रहती है। इसके कारण बच्चों को पढ़ाई के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है। विद्यालय के आसपास अतिक्रमण भी बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
विद्यालय के सामने स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के पास एक गहरा गड्ढा भी दुर्घटना का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार बच्चे खेलते समय उसमें गिर चुके हैं, जिससे किसी बड़ी घटना की आशंका बनी रहती है।
विद्यालय के सहायक अध्यापक ने बताया कि अतिक्रमण और गंदगी की समस्या को लेकर कई बार लोगों को समझाया गया, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। कुछ ग्रामीण बाउंड्री के पास पशु बांध देते हैं, जिससे विद्यालय के पीछे लगातार गंदगी बनी रहती है और शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होता है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मीटू रानी भारती ने बताया कि समस्या की सूचना चौकी कसाबा और ग्राम प्रधान को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अभिभावकों ने प्रशासन से बाउंड्री वॉल के निर्माण, मुख्य गेट की व्यवस्था, गड्ढे को भरवाने तथा विद्यालय परिसर के आसपास नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।






