उमर्दा में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, सड़क किनारे काम करते समय हादसा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। उमर्दा कस्बे में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक सड़क किनारे लोहे की रेलिंग लगाने का कार्य कर रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज निवासी अमित कुमार निचली गंग नहर के पास सड़क किनारे रेलिंग लगाने का काम कर रहे थे। शाम करीब चार बजे वह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद साथियों ने तत्काल घायल अमित कुमार को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






