वायरल फीवर से बढ़ी स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी, 300 से ज्यादा मरीजों का हुआ उपचार

संवाद 24 संवाददाता। तालग्राम क्षेत्र में बदलते मौसम के बीच वायरल फीवर के मामलों में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है। मंगलवार को तालग्राम स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की ओपीडी में मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में अधिक रही, जहां सुबह से शाम तक 300 से अधिक मरीजों का इलाज किया गया।

CHC अधीक्षक डॉ. कुमारिल मैत्रेय ने बताया कि वर्तमान समय में वायरल फीवर का प्रभाव बढ़ रहा है, जिसके चलते स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बचाव के लिए स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, गर्म पानी का सेवन करें तथा बाहर के खुले और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों से परहेज करें।

स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक डॉ. जितेंद्र गौतम ने बताया कि सभी मरीजों की क्रमवार जांच कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। मरीजों को समय पर दवा लेने और चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने की सलाह दी गई है ताकि बीमारी को फैलने से रोका जा सके।

चिकित्सकों के अनुसार मौसम में हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने, भीड़भाड़ वाले स्थानों में सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार के बुखार या संक्रमण के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की सलाह दी गई है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News