तेज रफ्तार बस ने कार को मारी टक्कर, न्यायालय कर्मी और बैंक मैनेजर घायल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। सदर कोतवाली क्षेत्र के सरायमीरा चौकी अंतर्गत पूर्वी बाईपास पर गुरुवार को एक निजी बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक न्यायालय कर्मी और एक ग्रामीण बैंक के प्रबंधक शामिल हैं। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक निजी बस चालक दूसरी बस से आगे निकलने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में घायल हुए न्यायालय कर्मी मुकेश तथा ग्रामीण बैंक गोसाइदासपुर के मैनेजर सचिन कुमार को मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के कारण जीटी रोड पर लगभग 20 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया।
दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






