अनियंत्रित कार ने खड़े ट्रैक्टर को मारी टक्कर, शादी में आया युवक घायल

संवाद 24 संवाददाता। खुबरियापुर रोड पर सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में नई कार सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई, जिससे कार में सवार एक युवक घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना में घायल युवक की पहचान दिल्ली निवासी हिमांशु राठौर के रूप में हुई है, जो अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए छिबरामऊ आए थे। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मठिया नगला निवासी रमेश सिंह नई कार चला रहे थे। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी जोरदार थी, जिससे कार को भारी नुकसान पहुंचा।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग किया। पुलिस मामले की जानकारी जुटाकर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News