पेड़ से लटका मिला युवक का शव, परिजनों के आरोपों की जांच में जुटी पुलिस

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ क्षेत्र के कस्सावान मोहल्ले में रविवार को एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।

मृतक की पहचान कस्सावान मोहल्ला निवासी सौरभ के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सौरभ शनिवार रात घर से निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। रविवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस ने परिवार को युवक का शव पेड़ से लटका मिलने की सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।

मृतक के पिता मिंटू ने बताया कि उनका बेटा एक परिचित युवती से मिलने गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित पक्ष द्वारा पहले उनके बेटे को धमकी दी गई थी। परिवार ने युवक के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News