उमर्दा में महाशिवरात्रि पर निकली कांवड़ यात्रा, शिवभक्ति से गूंजा क्षेत्र
Share your love

संवाद 24 संवादत। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उमर्दा क्षेत्र में शिवभक्ति का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। बालाजी मंदिर से मेहंदी घाट तक भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ बालाजी मंदिर परिसर से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर किया गया। इस दौरान जितेंद्र सिंह चौहान, महेंद्र सिंह, प्रदीप, सुदीप सहित अनेक ग्रामीणों ने भगवान शिव का पूजन कर यात्रा को प्रारंभ कराया। ‘बम-बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच कांवड़ियों का जत्था मेहंदी घाट की ओर रवाना हुआ।
यात्रा मार्ग में डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। श्रद्धालु पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
मेहंदी घाट पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के बाद घाट पर विधिवत महाआरती आयोजित की गई, जिसमें धूप-दीप और मंत्रोच्चारण के साथ भक्तों ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती में भाग लिया और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।





