डीएम ने तिर्वा तहसील का औचक निरीक्षण कर दिए निर्देश, लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण पर जोर

संवाद 24 संवाददाता। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन ने शनिवार को तहसील तिर्वा का औचक निरीक्षण कर विभिन्न कार्यालयों की कार्यप्रणाली और अभिलेखों के रखरखाव का जायजा लिया। अवकाश दिवस होने के बावजूद डीएम शाम को तहसील पहुंचे और निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को कार्य में पारदर्शिता तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसडीएम न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय, बीआरसी कार्यालय तथा मालखाना सहित विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया। एसडीएम न्यायालय में उन्होंने अभिलेखों की अलमारी में रखे सम्मनों का अवलोकन कर पेशकार से संबंधित जानकारी प्राप्त की और अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव पर जोर दिया।

डीएम ने न्यायालयों में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि लंबे समय से विचाराधीन मुकदमों की साक्ष्य जांच प्राथमिकता से पूरी कर उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में बने सरकारी आवासों की स्थिति की भी जानकारी ली और निर्देश दिए कि कोई भी सेवानिवृत्त कर्मचारी सरकारी आवास में अनाधिकृत रूप से न रहे।

इस अवसर पर एसडीएम राजेश कुमार, तहसीलदार अवनीश कुमार, नायब तहसीलदार अमित पाठक, सतीश कनौजिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News