तीन माह से फरार बाइक-मोबाइल चोर गिरफ्तार, चोरी की बाइक व मोबाइल बरामद

संवाद 24 संवाददाता। इंदरगढ़ थाना पुलिस ने बाइक चोरी और मोबाइल छीनने की घटनाओं में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले तीन माह से फरार था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, छीना गया मोबाइल फोन तथा एक अवैध तमंचा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार तीन माह पूर्व कोतवाली तिर्वा क्षेत्र के धोबीघाट रोड, गोपालपुर के पास से एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इसके अगले ही दिन इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के नौसारा पुलिया के पास एक राहगीर से मोबाइल छीनकर आरोपी फरार हो गया था। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी।

शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने तालग्राम थाना क्षेत्र के निकवा गांव निवासी राजा पुत्र बंटी गिहार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने तिर्वा से बाइक चोरी करने और इंदरगढ़ क्षेत्र में मोबाइल छीनने की घटना को स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News